रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशनों पर सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा और शांति बनाए रखने के लिए नियमों को और अधिक कड़ा कर दिया है। दक्षिण रेलवे ने चेतावनी दी है कि यात्रा के दौरान मोबाइल फोन या अन्य उपकरणों पर स्पीकर ऑन करके तेज आवाज में गाने सुनने, वीडियो देखने या बात करने से अन्य यात्रियों को होने वाली असुविधा पर अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, यदि कोई यात्री मोबाइल या अन्य डिवाइस पर तेज आवाज में संगीत बजाते या वीडियो देखते हुए पाया जाता है और शिकायत मिलने पर सहयोग नहीं करता है, तो उस पर शुरुआती तौर पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा, ऐसे यात्रियों को ट्रेन अथवा रेलवे स्टेशन से नीचे भी उतारा जा सकता है।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बार-बार नियमों की अवहेलना करने या सह-यात्रियों के साथ विवाद की स्थिति उत्पन्न करने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की कैद की सजा भी हो सकती है। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन यात्रा के दौरान शिष्टाचार बनाए रखें और सह-यात्रियों की निजता व आराम का पूरा सम्मान करें।