|
Latest Updates
Latest News Loading...

दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सीआईएसएफ की त्वरित कार्रवाई: एक्स-रे स्कैन में संदिग्ध सामान मिलते ही भाग रहे व्यक्ति को दबोचा

दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के सतर्क जवानों ने सुरक्षा जांच के दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध यात्री को तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। घटना बैगेज स्क्रीनिंग एरिया की है, जहां सुरक्षा जांच के दौरान स्कैनर मशीन में यात्री के बैग और कपड़ों में एक सघन (डेन्स) संदिग्ध वस्तु दिखाई दी।

जैसे ही सुरक्षाकर्मियों ने वस्तु की विस्तृत जांच शुरू की, संदिग्ध व्यक्ति स्टेशन से बाहर भागने लगा। मुस्तैद सीआईएसएफ जवानों ने तुरंत पीछा कर उसे एग्जिट गेट के पास दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके अंडरगारमेंट के अंदर सिले हुए हिस्से से एक अज्ञात अर्ध-ठोस (सेमी-सॉलिड) पदार्थ बरामद हुआ।

शुरुआती पूछताछ में हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने खुद को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में रहने वाला एनआरआई (अनिवासी भारतीय) बताया है। सीआईएसएफ अधिकारियों ने संदिग्ध पदार्थ और संबंधित व्यक्ति को अग्रिम कानूनी जांच व पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियां अब बरामद पदार्थ की प्रकृति और व्यक्ति के बैकग्राउंड की गहराई से जांच कर रही हैं।