भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के विभिन्न हिस्सों में नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और कई अन्य मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में 6 से 11 अक्टूबर के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज रफ्तार हवाओं और बादलों की गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भी 6 से 11 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत में भी मौसमी प्रणालियों का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तमिलनाडु, केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की से भारी बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है। कोंकण और गोवा के तटीय इलाकों में तापमान और नमी के कारण गर्म व उमस भरा मौसम बना रहने की संभावना है। किसानों और नागरिकों को आंधी व तेज हवाओं के दौरान एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।