|
Latest Updates
Latest News Loading...

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 19.5 लाख की लूट, 50 करोड़ की हेरोइन और रंगदारी फायरिंग मामले में कई शातिर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में आपराधिक घटनाओं पर नकेल कसते हुए अलग-अलग जिलों में कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं।

नॉर्थ दिल्ली जिला पुलिस ने ₹19.50 लाख की सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने स्कूटी टकराने के बहाने पीड़ित को जीपीओ (GPO) और रानी झांसी फ्लाईओवर के पास रोककर मारपीट की थी और नकदी से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी की मदद से मनाली से लौट रहे 4 आरोपियों को दबोचा, जिसके बाद पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से ₹9.90 लाख नकद और लूट के पैसों से खरीदा गया एक महंगा स्मार्टफोन बरामद हुआ है।

एक अन्य बड़ी कार्रवाई में रोहिणी जिला पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ जारी अभियान के तहत 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब ₹50 करोड़ मूल्य की 7.076 किलोग्राम हेरोइन और उसे तैयार करने का सामान बरामद किया है।

उधर उत्तर-पूर्वी (नॉर्थ-ईस्ट) जिले के भजनपुरा थाना क्षेत्र में 2 अक्टूबर की रात नॉर्थ घोंडा इलाके में हुई फायरिंग के मामले में स्पेशल स्टाफ की टीम ने मुठभेड़ के बाद 2 शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। ये आरोपी दुबई में बैठे गैंग सरगना के इशारे पर रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए थे।

इसके अलावा वेस्ट दिल्ली जिले के इन्दरपुरी थाना पुलिस ने 'जनसुनवाई' में मिली एक शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक गुमशुदा युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया। साथ ही, दिल्ली पुलिस ने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए मीडिया कर्मियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।

Popular Posts