|
Latest Updates
Latest News Loading...

मूनक में धूमधाम से मनाया गया गणेश उत्सव, श्रद्धा के साथ किया गया विसर्जन

मूनक, 23 सितंबर (दर्शन शर्मा) : बाजार स्थित नर्वदेश्वर श्री शिव मंदिर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समस्त नगरवासियों और मंदिर कमेटी के सहयोग से श्री गणेश उत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। 12 सितंबर को मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह पूजा-अर्चना तथा शाम को कीर्तन, भजन और आरती का आयोजन किया गया। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए लंगर भी लगाया गया।

गणेश उत्सव के दौरान कैबिनेट मंत्री एडवोकेट वीरेंद्र गोयल तथा पूर्व वित्त मंत्री परविंदर सिंह ढींडसा भी मंदिर पहुंचे और भगवान श्री गणेश के चरणों में नमन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

21 सितंबर, सोमवार को भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संस्थाओं की ओर से जलजीरा, ठंडे दूध तथा लाहौरी जीरे के लंगर लगाए गए। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच रंग-गुलाल उड़ाते हुए भगवान श्री गणेश के जयकारे लगाए।

शोभायात्रा टोहाना स्थित भाखड़ा हैंड तक पहुंची, जहां भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान करवाकर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया और अगले वर्ष जल्दी आना के जयकारों के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया।

इस अवसर पर श्री राम मंदिर कमेटी की ओर से दही-भल्ले का लंगर भी लगाया गया। गणेश उत्सव कमेटी के सभी सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अन्य लोग उपस्थित रहे।

Khabar.com.IN

Popular Posts