पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में तेजी से बढ़ते सैन्य तनाव और गंभीर सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए एक नई और कड़ी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। ईरान स्थित अमेरिकी वर्चुअल एम्बेसी द्वारा जारी सुरक्षा अलर्ट में अमेरिकी नागरिकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी स्थिति में ईरान की यात्रा न करें और जो लोग पहले से वहां मौजूद हैं, वे तुरंत देश छोड़ दें।
एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि इस क्षेत्र में हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) बंद होने, उड़ानों के अचानक रद्द होने और जमीनी सीमाओं पर नियमों में अनपेक्षित बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। अमेरिका ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब में किए जा रहे हमलों और क्षेत्रीय सैन्य टकराव के और भीषण होने की आशंका जताई है। इसके साथ ही, विदेशों में स्थित अमेरिकी प्रतिष्ठानों, व्यवसायों और दूतावासों पर संभावित हमलों के खतरे को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने और 'स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम' (STEP) में खुद को पंजीकृत करने की सलाह दी गई है।