राजधानी दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र में रविवार तड़के करीब 3:20 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक बेकाबू और तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी क्रेन और एक ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में वहां मौजूद लोग आ गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संगम विहार निवासी उमेश (23), प्रवीण (35) और एचआर मैनेजर सूरज (34) के रूप में हुई है। वहीं घायलों आकाश (20), अनूप (26) और खेम सिंह (40) को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों व डंपर को जब्त कर लिया है। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।