बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को धर-दबोचा है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, घटना के समय पहने गए कपड़े और एक टेंपो भी बरामद कर लिया है। 13 सितंबर की सुबह कुशक रोड स्थित एक मैदान में किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिला था, जिसे जानवरों ने बुरी तरह नोंच खाया था।
शुरुआत में मृतका की उम्र अधिक आंकी जा रही थी, परंतु शिनाख्त के बाद उसकी सही उम्र का पता चला। पुलिस टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध टेंपो के रूट को ट्रैक किया और 15 सितंबर को खड्डा कॉलोनी से चालक को हिरासत में लेकर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। पूछताछ में सामने आया कि पीड़िता का कथित प्रेमी और उसके दोस्त शराब के नशे में धुत थे और घटना उजागर होने के डर से उन्होंने दुष्कर्म के बाद चाकू गोदकर किशोरी की हत्या कर दी थी।