|
Latest Updates
Latest News Loading...

दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू: डीएसआईआईडीसी ऐप के जरिए डिजिटल भुगतान और क्यूआर कोड से होगी विड्रॉल, होम डिलीवरी नहीं

दिल्ली के शराब प्रेमियों के लिए एक नई सुविधा की शुरुआत करते हुए सरकार ने ऑनलाइन शराब बुकिंग ऐप लॉन्च किया है। इसके माध्यम से नागरिक अब घर बैठे डिजिटल माध्यम से अपनी पसंदीदा ब्रांड और मात्रा के अनुसार शराब बुक कर सकते हैं और उसका ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। यह सेवा फिलहाल दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DSIIDC) द्वारा संचालित लगभग 200 से अधिक चुनिंदा सरकारी दुकानों पर लागू की गई है।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस नई व्यवस्था में होम डिलीवरी की कोई सुविधा नहीं है। ऐप के जरिए भुगतान करने पर एक डिजिटल क्यूआर कोड जनरेट होगा, जिसे लेकर उपभोक्ता को तय समय के भीतर संबंधित स्टोर पर जाना होगा। नियमों के मुताबिक, खरीदार को भुगतान के 48 घंटे के भीतर व्यक्तिगत रूप से स्टोर पर पहुंचकर काउंटर से अपनी बोतलें कलेक्ट करनी होंगी।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य दुकानों के बाहर लंबी कतारों और भीड़भाड़ को कम करना है। आबकारी नियमों के अनुसार, इसके लिए न्यूनतम आयु सीमा 25 वर्ष तय की गई है और एक व्यक्ति कानूनी रूप से निर्धारित सीमा (जैसे अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की या 18 लीटर बीयर) के अनुसार ही खरीद कर सकता है। अधिकारियों ने बताया कि बुकिंग रद्द करने का विकल्प उपलब्ध है, लेकिन स्टोर से शराब की डिलीवरी लेने के बाद वापसी या रिफंड का कोई प्रावधान नहीं है।