अखंड सौभाग्य और सुखी दांपत्य जीवन का प्रतीक सुहागिनों का महापर्व करवा चौथ इस वर्ष 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और आरोग्यता के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर को सुबह से शुरू होकर रात तक रहेगी, जिसके चलते इसी दिन व्रत रखा जाएगा।
धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिषीय गणना के अनुसार, करवा चौथ की पूजा का मुख्य शुभ मुहूर्त शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक रहेगा। इस समयावधि में महिलाएं विधिवत रूप से मां पार्वती, भगवान शिव, गणेश जी और करवा माता की पूजा-अर्चना करेंगी तथा कथा श्रवण करेंगी।
दिल्ली-NCR क्षेत्र में चंद्रोदय और चांद के दीदार को लेकर भी समय निर्धारित कर दिया गया है। इसके तहत नई दिल्ली में रात 8:17 बजे, नोएडा में रात 8:16 बजे और गुरुग्राम में रात 8:18 बजे चांद निकलने की संभावना है। चांद के दर्शन करने और अर्घ्य देने के पश्चात ही महिलाएं अपने पति के हाथों जल ग्रहण कर अपना निर्जला व्रत संपन्न करेंगी।