|
Latest Updates
Latest News Loading...

मूनक में डीएसपी राजेश स्नेही की केमिस्ट एसोसिएशन के साथ बैठक, प्रतिबंधित दवाएं न बेचने की अपील

मूनक, 27 अक्टूबर (दर्शन शर्मा) : डीएसपी राजेश स्नेही ने मूनक केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक कर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करने और ड्रग विभाग की ओर से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की। बैठक में पंजाब के मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए दवा विक्रेताओं को नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

डीएसपी राजेश स्नेही ने केमिस्टों से अपील की कि वे पंजाब सरकार, पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और एसएसपी संगरूर की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी केमिस्ट सरकार की ओर से प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करे। साथ ही, ड्रग विभाग के निर्देशों के अनुसार दवाओं की खरीद और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और नियमों का उल्लंघन न हो।

उन्होंने केमिस्टों से यह भी अपील की कि नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सिरिंज और अन्य संबंधित सामग्री नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपलब्ध न कराई जाए। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग आवश्यक है। समाज को बेहतर और नशामुक्त बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

डीएसपी ने केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों से पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों के निर्देशों का पालन करते हुए सामाजिक हित में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. फकीर चंद बंसल और सचिव प्रवीण मदान ने आश्वासन दिया कि एसोसिएशन सरकार के निर्देशों के अनुसार दवाओं की खरीद-बिक्री करेगी और प्रशासन को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

बैठक में डीएसपी के रीडर, सहायक थाना प्रभारी हरमेश सिंह तथा केमिस्ट एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Khabar.com.IN