ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026: 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में जुटेंगे वैश्विक नेता
मोहित गौतम (दिल्ली) : भारत की अध्यक्षता में 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस दो दिवसीय वैश्विक सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य देशों के साथ-साथ साझेदार और आमंत्रित देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे। भारत ने इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय 'लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण' रखा है।
पहले दिन सदस्य देशों के बीच बहुपक्षवाद और वैश्विक शासन को मजबूत करने पर बंद कमरे में सत्र होगा, जिसके बाद 'भारत इनोवेट्स एग्जीबिशन' का दौरा, पौधारोपण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित विशेष रात्रिभोज का कार्यक्रम रहेगा। सम्मेलन के दूसरे दिन सभी साझेदार देशों की मौजूदगी में समावेशी वैश्विक विकास को लेकर खुला सत्र आयोजित किया जाएगा, साथ ही वैश्विक नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ताओं पर भी सबकी नजरें टिकी रहेंगी।