उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक 5 मंजिला रिहायशी इमारत अचानक ढह गई। इस भीषण हादसे में एक गर्भवती महिला और बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इमारत गिरने से आसपास के दो से तीन मकान भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली अग्निशमन सेवा और स्थानीय पुलिस को दोपहर करीब 3:15 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय निवासियों की मदद से मलबे से अब तक 11 लोगों को निकाला जा चुका है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, करीब 25 गज के प्लॉट पर बनी यह इमारत काफी पुरानी थी और इसके ढहने से आसपास के निर्माणों को भी नुकसान पहुंचा है। मलबे में फंसे अन्य संभावित लोगों की तलाश के लिए स्निफर डॉग्स और तकनीकी उपकरणों की मदद ली जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सीमापुरी गोल चक्कर और आसपास के मार्गों पर आवाजाही को नियंत्रित किया है ताकि एम्बुलेंस और राहत वाहनों को रास्ता मिल सके।