राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए जंतर-मंतर परिसर में दाखिल होने का प्रयास करने पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हाल ही में अदालत से रिहाई मिलने के कुछ ही घंटों बाद सीजेपी नेता सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे ने एक बार फिर निषेध के बावजूद जंतर-मंतर की ओर मार्च किया और परिसर में घुसने में कामयाब रहे।
घटना के सामने आए वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, इन नेताओं ने अवरोधकों को पार कर जंतर-मंतर परिसर में प्रवेश किया और नारेबाज़ी की। हालांकि, कुछ ही देर के भीतर मुस्तैद सुरक्षा बलों और दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया और वैन में बैठाकर सुरक्षित स्थान पर ले गए। हिरासत में लिए जाने के बाद सौरव दास ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि उन्होंने जंतर-मंतर तक पहुंच बनाकर अपने उद्देश्य का संदेश दे दिया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इन नेताओं को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया था और विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत से मुचलके पर रिहाई मिली थी। प्रशासन द्वारा जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के बावजूद सीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार प्रदर्शन की कोशिशों के चलते मध्य दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद कर दिया गया है।