मूनक, 23 नवंबर (दर्शन शर्मा) : चीमा मंडी से तबादला होकर आए थाना प्रभारी (एसएचओ) बलजीत सिंह ने मूनक थाने का कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि शहर और पूरे क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों, नशा तस्करों और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता को भरोसा दिलाया कि पुलिस थाने में आने वाली शिकायतों का निष्पक्षता और प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटारा किया जाएगा।

इस दौरान पत्रकारों ने पटियाला से जाखल मार्ग पर ट्रकों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में थाना प्रभारी को अवगत करवाया। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने की अपील भी की।
इस पर थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Khabar.com.IN