|
Latest Updates
Latest News Loading...

दिल्ली के नाइटक्लब में दर्दनाक वारदात: बीयर गिरने पर हुए विवाद में बाउंसरों और वेटर ने की युवक की पीट-पीटकर हत्या

राजधानी दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र स्थित एक नाइटक्लब में मामूली बात पर हुए विवाद के बाद बाउंसरों और कर्मचारियों द्वारा बेरहमी से पीटे जाने के कारण 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य संलिप्तों की तलाश जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान रघुवीर नगर निवासी दलजीत के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था। यह घटना शनिवार देर रात की है, जब दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ एक नाइटक्लब में गया था। वहां उसके एक साथी से गलती से एक महिला पर बीयर की कुछ बूंदें गिर गईं, जिसके बाद क्लब के कर्मचारियों और बाउंसरों के साथ तीखी बहस शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के मुताबिक, दलजीत और उसके दोस्तों द्वारा माफी मांगने के बावजूद बाउंसरों और वेटर का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उन्होंने डंडों और कांच की बोतलों से दलजीत पर हमला कर दिया। जब उसने भागने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उसे जबरन वापस अंदर खींचकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद उसके दोस्त उसे घर ले गए, जहां हालत बिगड़ने पर उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।