राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके चाणक्यपुरी स्थित एक पांच सितारा होटल की पार्किंग में उत्तर-पूर्व की महिला से बदसलूकी और हमले का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल तीनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित महिला नगालैंड की रहने वाली हैं।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 4 अक्टूबर की है जब वह होटल के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी थीं। इसी दौरान कार सवार तीन युवक वहां पहुंचे और महिला के साथ अमर्यादित व्यवहार करते हुए उन्हें जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास करने लगे। जब महिला की सहेलियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट और हाथापाई की।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस प्रशासन के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।