नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार तड़के गोरखा जिले के चुमानुबरी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई भीषण फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) ने भारी तबाही मचाई है। उफनती नदी की तेज धारा अपने साथ मिट्टी, पत्थर और बड़े-बड़े पेड़ बहाकर ले आई, जिससे कई आवासीय मकान, पुल और निर्माणधीन हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स के बेस कैंप बह गए।
गोरखा जिला प्रशासन के अनुसार, तड़के करीब 4 बजे आई इस आकस्मिक बाढ़ के कारण दोभान, घट्टेखोला, जगत्, सल्लेरी और धार्चे गांव पालिका क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लगभग 100 मकान बाढ़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त या बह गए हैं। इसके अतिरिक्त चुमानुबरी को जोड़ने वाले आधा दर्जन छोटे-बड़े पुल ध्वस्त हो गए हैं। सल्लेरी में बन रहे जल विद्युत प्रोजेक्ट के बेस कैंप को भी भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
घटना के बाद नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने तत्काल अलर्ट जारी कर त्रिशूली दोभान तक नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देश पर राहत व बचाव कार्यों के लिए हेलीकॉप्टर और रेस्क्यू टीमों को तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकालने में जुटा हुआ है।