|
Latest Updates
Latest News Loading...

सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग: दिल्ली पुलिस ने मांगी 5 दिन की मोहलत, SEM कोर्ट ने आदेश रखा सुरक्षित

जंतर-मंतर परिसर में अनधिकृत प्रवेश और सुरक्षा दिशानिर्देशों के उल्लंघन मामले में गिरफ्तार कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत अवधि समाप्त होने पर उन्हें विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) अदालत के समक्ष पेश किया गया। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने दोनों नेताओं की न्यायिक हिरासत 5 दिन और बढ़ाने की मांग की।

अदालत में दलील पेश करते हुए दिल्ली पुलिस ने तर्क दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए दोनों को हिरासत में रखना आवश्यक है। पुलिस ने आशंका जताई कि रिहा होने पर आरोपी पुनः प्रदर्शनों को बढ़ावा दे सकते हैं अथवा सार्वजनिक शांति भंग होने का खतरा उत्पन्न हो सकता है।

दूसरी ओर, बचाव पक्ष के वकीलों ने हिरासत बढ़ाने की पुलिस की मांग का विरोध करते हुए इसे अनावश्यक बताया और व्यक्तिगत मुचलके पर रिहाई की गुहार लगाई। दोनों पक्षों की विस्तृत दलीलें सुनने के बाद अदालत ने हिरासत विस्तार की अर्जी पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।