मूनक में सांझा मुलाजिम मंच और पेंशनर्स फ्रंट की विशाल रैली, सरकार के खिलाफ निकाला रोष मार्च
मूनक, 27 अगस्त (दर्शन शर्मा) : सांझा मुलाजिम मंच और पेंशनर्स फ्रंट पंजाब के आह्वान पर मूनक में कर्मचारियों और पेंशनरों ने सामूहिक अवकाश लेकर अपनी मांगों के समर्थन में विशाल विरोध रैली आयोजित की। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी, मजदूर और पेंशनर मूनक की अनाज मंडी में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
रैली के दौरान विभिन्न वक्ताओं और मंच के नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, वेतन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, महंगाई भत्ते और एसीपी योजना की लंबित किस्तों का भुगतान करने तथा अन्य बकाया राशि जारी करने और बंद किए गए भत्तों को बहाल करने की मांग उठाई।

नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण विभिन्न वर्गों में रोष बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
अनाज मंडी में रैली समाप्त होने के बाद सांझा मुलाजिम मंच और पेंशनर्स फ्रंट के नेतृत्व में कर्मचारियों और पेंशनरों ने मूनक शहर के मुख्य बाजारों और चौकों में रोष मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। रोष मार्च शहर के विभिन्न हिस्सों से होता हुआ पुराने बस स्टैंड पर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंच के नेताओं ने कहा कि 27 अगस्त का सामूहिक अवकाश और रोष प्रदर्शन कर्मचारियों की गंभीर मांगों को लेकर किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और व्यापक तथा तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाले संघर्ष की जिम्मेदारी सरकार की होगी।
प्रदर्शन में टीचर्स एसोसिएशन, कच्चा मुलाजिम यूनियन, सफाई सेवक यूनियन, बिजली बोर्ड यूनियन, रेवेन्यू एवं पटवार यूनियन, मिड-डे मील यूनियन, हेल्थ यूनियन, मिनिस्टीरियल स्टाफ यूनियन, क्लेरिकल यूनियन, पेंशनर्स एसोसिएशन, पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन तथा पैरामेडिकल यूनियन के प्रतिनिधि और सदस्य शामिल हुए।