IMD में मौसम विज्ञान सचिव डॉ. टी. श्रीनिवास कुमार ने किया दौरा, मिशन मौसम की प्रगति की समीक्षा
मोहित गौतम (दिल्ली) : पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. टी. श्रीनिवास कुमार ने भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD का दौरा कर देश में मौसम पूर्वानुमान और जलवायु सेवाओं से जुड़ी विभिन्न प्रणालियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मिशन मौसम की प्रगति की समीक्षा की और वैज्ञानिकों तथा अधिकारियों के साथ बातचीत की।
दौरे के दौरान सचिव ने IMD की विभिन्न अवलोकन प्रणालियों और तकनीकी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इनमें मैनुअल वेदर ऑब्जर्वेटरी, ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन, एग्रीकल्चर ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन, ऑटोमैटिक रेन गेज और ओजोन ऑब्जर्वेटरी शामिल रहे। उन्हें IMD की आधुनिक मौसम निगरानी और डेटा संग्रह प्रणालियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
डॉ. टी. श्रीनिवास कुमार ने IMD के अर्थ स्टेशन और सैटेलाइट डिवीजन का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौसम संबंधी उपग्रह आंकड़ों, पृथ्वी अवलोकन प्रणाली और मौसम पूर्वानुमान को अधिक सटीक बनाने में इन तकनीकों की भूमिका को समझा। विभाग के विभिन्न वैज्ञानिकों ने उन्हें मौसम डेटा के संग्रह, विश्लेषण और उसके आधार पर जारी किए जाने वाले पूर्वानुमान की जानकारी दी।
सचिव ने इंटरनेट ऑफ थिंग्स लैब, डिसीजन सपोर्ट सिस्टम लैब, इंफॉर्मेशन सिस्टम एंड सर्विसेज डिवीजन और नेशनल फोरकास्टिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया। इन विभागों द्वारा देशभर में मौसम पूर्वानुमान, चेतावनी, आपदा प्रबंधन और विभिन्न क्षेत्रों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में उन्हें विस्तार से जानकारी दी गई।
दौरे के दौरान डॉ. टी. श्रीनिवास कुमार ने IMD की सेवाओं और नई पहलों की सराहना की। उन्होंने मिशन मौसम के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए वैज्ञानिकों और अधिकारियों के साथ चर्चा की। मिशन मौसम का उद्देश्य भारत की मौसम और जलवायु सेवाओं को अधिक आधुनिक, सटीक और प्रभावी बनाना है, ताकि आम नागरिकों से लेकर कृषि, परिवहन और आपदा प्रबंधन से जुड़े क्षेत्रों तक बेहतर जानकारी पहुंचाई जा सके।
उन्होंने IMD की टीम को समाज की सेवा के लिए अपने प्रयास लगातार जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही मौसम के प्रति अधिक तैयार और जलवायु के लिहाज से अधिक सक्षम भारत के निर्माण में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
भारत में मौसम की बदलती परिस्थितियों और बढ़ती प्राकृतिक चुनौतियों के बीच IMD की जिम्मेदारी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में आधुनिक तकनीक, सटीक पूर्वानुमान और समय पर चेतावनी व्यवस्था को मजबूत करना देश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सचिव का यह दौरा भी मौसम सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मिशन मौसम के लक्ष्यों को गति देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Khabar.com.IN