दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों के तहत लुटियंस और मध्य दिल्ली क्षेत्र के 11 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी हैं। इन प्रभावित स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ (पूर्व में उद्योग भवन), मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं।
DMRC ने स्पष्ट किया है कि भले ही इन स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे, लेकिन राजीव चौक, मंडी हाउस, आईएनए, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे प्रमुख जंक्शनों पर यात्रियों के लिए ट्रेन बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा सामान्य रूप से उपलब्ध रहेगी। सुरक्षा कारणों से उठाए गए इस कदम के चलते मध्य दिल्ली जाने वाले दैनिक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, जिसके लिए मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की सलाह दी है।