देश के कई हिस्सों में मानसून के अंतिम दौर की बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 25 सितंबर को देश के 15 राज्यों में हल्की से भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान 40 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और तटीय आंध्र प्रदेश के निचले इलाकों में अगले 24 घंटों के भीतर अचानक बाढ़ आने की गंभीर चेतावनी जारी की है।
तटीय क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा पंजाब के गुरदासपुर से लेकर राजस्थान के नलिया तक पहुंच चुकी है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अगले दो से तीन दिनों के दौरान गर्जन व तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।